Homenewsएक बुजुर्ग महिला का नर्मदा नदी पर चलने का विडियो आया सामने,...

एक बुजुर्ग महिला का नर्मदा नदी पर चलने का विडियो आया सामने, लोग मान रहे माँ नर्मदा का रूप, हाथ रखते ही गूंगा भी बोलने लगा, जाने पूरी खबर

सोशल मीडिया किस तरह भीड़ जुटा सकती है। यह नजारा जबलपुर में देखने को मिला । यहां शनिवार को एक बुजुर्ग महिला का नर्मदा नदी में चलते हुए वीडियो सामने आया। इसके बाद लोगों ने महिला को मां नर्मदा का स्वरूप मान लिया और उनका आशीर्वाद लेने पहुंच गए। हालांकि जब मामले में पुलिस ने पूछताछ की तो महिला ने पानी पर चलने की बात से इनकार किया है। साथ ही खुद के किसी देवी का अवतार होने की बात भी नकार दी।

बुजुर्ग महिला ने पुलिस को बताया कि वो नर्मदापुरम की रहने वाली है और 10 महीने पहले घर से निकली थी। पुलिस अब उसे नर्मदापुरम में उसके घर छोड़ने जाएगी।

सुबह वीडियो सामने आया, फिर जुटी भीड़

शनिवार सुबह सोशल मीडिया पर महिला का एक वीडियो सामने आया। जिसमें दावा किया गया कि वीडियो जबलपुर के तिलवारा घाट का है। वीडियो में एक महिला पानी पर चलते दिख रही है। इसके बाद यहां भीड़ लग गई। लोगों ने इसे चमत्कार मान लिया। महिला बाहर आई, तो लोग उसे देवी का स्वरूप मानते हुए उसका आशीर्वाद लेने पहुंच गए। हर कोई महिला की एक झलक पाने के लिए बेताब दिखा। भीड़ इतनी हो गई कि महिला के चारों ओर सुरक्षा घेरा बना लिया। लोगों ने ढोल-नगाड़े भी बजाए।

10 महीने पहले हुई थी लापता

सूचना मिलने पर पुलिस भी पहुंची। यहां तक कि कई पुलिसकर्मियों ने भी महिला के पैर छूकर आशीर्वाद लिया। पुलिस ने महिला से पूछताछ की। महिला की पहचान ज्योति रघुवंशी के रूप में हुई। वह नर्मदापुरम के पिपरिया की रहने वाली है। वह 10 महीने से घर से लापता है, तभी से परिवार वाले उसे तलाश रहे थे।

अब जानिए, पानी पर चलने का राज

असल में नर्मदा नदी में पानी का जलस्तर कहीं बहुत ज्यादा तो कहीं बहुत कम है। जिस वीडियो को तिलवारा घाट का बताया जा रहा था, वो भी वहां का नहीं है, बल्कि उस जगह का है, जहां नदी में पानी का जलस्तर बहुत कम था। महिला नदी के तल पर ही चल रही थी, लेकिन कम जलस्तर की वजह से वो पानी के ऊपर चलते दिखी। लोगों ने मान लिया कि वह पानी पर चल रही है।

महिला ने बताई सच्चाई

मेरा नाम ज्योति रघुवंशी है। नर्मदापुरम के पिपरिया के कल्लूखापा गांव की रहने वाली हूं। दो बेटे और दो बेटियां हैं। पानी में चलने का कोई चमत्कार नहीं है। वहां पानी कम था। मैं अपनी श्रद्धा से नर्मदा की परिक्रमा करने निकली हूं। नदी किनारे के खेतों में सब्जियां लगी हैं। अब निकलने के लिए रास्ता नहीं है, तो उसी के किनारे-किनारे पानी में चलकर निकल जाती हूं। गहरे पानी में नहीं चलती। जहां ऊपर-ऊपर पानी होता है। पेट के ऊपर तक पानी में चल लेती हूं। जहां तक पैर लगते हैं पानी में, वहां तक पानी में चल लेती हूं। थोड़ा-बहुत तैर भी लेती हूं। लोग तो ऐसे ही बोल रहे हैं। मैंने तो नहीं सुनी।

यात्रा के बीच आश्रमों में खाना खाने के दौरान लोग मिलते थे। किसी के हाथ में मोच गई। थोड़ा-बहुत कुछ हुआ, तो देसी दवाई बता देती थी। किसी को दवा आदि नहीं देते। अब वही दवा खाकर लोग ठीक हो जाते हैं। मैं अपने हाथ से कुछ नहीं देती। केवल बताती हूं कि यह मिले तो खा पी लो। मेरे पास काेई सिद्धि नहीं है। मैं कुछ नहीं हूं, साधारण महिला हूं, परिक्रमा पूरी करने के बाद अपने घर वापस चली जाऊंगी।

महिला भक्त का दावा- जो बोल नहीं पाता था, वह बोलने लगा

तिलवारा घाट पर महिला के दर्शन करने पहुंची श्रद्धालु साधना पटेल ने बताया कि बहुत सुना था कि कोई बुजुर्ग महिला है, जिनमें बहुत शक्ति है। लोगों के दुख दूर कर रही है। यही सुनकर महिला के दर्शन करने आ गई। यहां देखा कि जो बोल नहीं पाता था, वह बोलने लगा। माता जिस पर हाथ रख देती हैं, वह ठीक हो जाता है। महिला के दर्शन करके सुकून मिला।

मई 2022 से तलाश रहे परिजन

विजय नगर CSP तुषार सिंह ने बताया कि तिलवारा घाट पर नदी पार करते हुए जिस महिला का वीडियो सामने आया है, वह नर्मदापुरम की रहने वाली है। महिला 9 मई 2022 को पिपरिया से लापता थी, तभी से परिजन उसे तलाश रहे थे। महिला को साथ लेकर उनके घर छोड़ने जा रहे हैं।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments